NEET छात्रा मौत से लेकर महिला अपराधों पर राजद का हमला
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 22 जनवरी 2026 बिहार में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सत्तारूढ़ एनडीए सरकार पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने एक बार फिर तीखा हमला बोला है. राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य में अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है.उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है, जिससे सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है.
अरुण यादव ने कहा कि जब राज्य में सत्ता, शासन और प्रशासन – तीनों एनडीए के हाथ में हैं, तब भी अपराध पर काबू नहीं पाया जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सरकार की नीतियां और नीयत दोनों कमजोर हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस वजह से अपराधी खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं और पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है.
गृह मंत्री के दावे खोखले साबित हुए: राजद
राजद प्रवक्ता ने बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी पर भी सीधा हमला बोला है .उन्होंने कहा कि गृह मंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी प्रतिदिन अपराध रोकने को लेकर बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं किया करते थे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है.
अरुण यादव के अनुसार, सम्राट चौधरी द्वारा छोड़े गए सभी शिगूफों को बेखौफ अपराधियों ने जमींदोज कर दिया है.उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराधियों के मन से शासन-प्रशासन का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिसका नतीजा यह है कि बिहार के विभिन्न जिलों में अपराधी तांडव मचा रहे हैं.
NEET छात्रा की मौत पर 16 दिन बाद भी सन्नाटा
राजद प्रवक्ता ने NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले को उठाते हुए सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए है. उन्होंने कहा कि घटना को 16 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है.
अरुण यादव ने आरोप लगाया कि इससे यह संदेह और गहरा हो जाता है कि दोषियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है. उन्होंने कहा कि सरकार न्याय दिलाने के बजाय मामले की लीपापोती करने में जुटी हुई है, जो बेहद चिंताजनक है.
महिला अपराधों पर सरकार की चुप्पी सवालों के घेरे में
राजद ने राज्य में महिलाओं और बच्चियों के साथ हो रहे जघन्य अपराधों की एक लंबी सूची गिनाते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया. अरुण यादव ने कहा कि हाल के दिनों मे,
पूर्णिया में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म.
खगड़िया में 5 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या.
मधेपुरा में विधवा महिला के साथ गैंगरेप और फिर हत्या
बक्सर में छात्रा के साथ दुष्कर्म
जैसी भयावह घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सरकार की ओर से अपराधियों के खिलाफ ठोस और सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिली है.
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता यह जानना चाहती है कि नीतीश-भाजपा सरकार कब तक इन जघन्य अपराधों के दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने में सक्षम होगी.
ये भी पढ़े :शंकराचार्य से दुर्व्यवहार पर RJD का हमला, भाजपा पर साधा निशाना
ये भी पढ़े :मनरेगा बचाओ मोर्चा: मोदी-शाह की राजनीति पर कांग्रेस का तीखा हमला
सुशासन के दावे पर उठे सवाल
राजद प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन के दावे पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यदि राज्य में सुशासन होता, तो अपराधी खुलेआम हत्या, बलात्कार और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देने का साहस नहीं करते.
अरुण यादव ने आरोप लगाया कि आज बिहार में आम नागरिक, महिलाएं और छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं, जबकि सरकार राजनीतिक बयानबाजी और विपक्ष पर आरोप लगाने में व्यस्त है.
जनता के भरोसे की कसौटी पर सरकार
राजद ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है.यदि सरकार इसमें विफल रहती है, तो उसे सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है.
अरुण यादव ने कहा कि राजद जनता की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और सड़क से सदन तक सरकार की विफलताओं को उजागर करती रहेगी.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















