कर्पूरी ठाकुर जयंती: तेजस्वी यादव ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया

| BY

Ajit Kumar

बिहार
कर्पूरी ठाकुर जयंती: तेजस्वी यादव ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया

कर्पूरी ठाकुर जयंती पर तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर तीखा हमला

तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 24 जनवरी 2026 — भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा पटना स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय के कर्पूरी सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव अपने विचारों पर अडिग रहे और कभी संविधान विरोधी ताकतों से समझौता नहीं किया.जब लालू नहीं झुके, तो तेजस्वी भी नहीं झुकेगा.

कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना जिलाध्यक्ष दीनानाथ सिंह यादव ने की, जबकि संचालन पटना महानगर अध्यक्ष महताब आलम ने किया. आगंतुक अतिथियों का स्वागत जिला प्रधान महासचिव मो. अफरोज आलम ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने दिया.

जननायक कर्पूरी ठाकुर को दी गई श्रद्धांजलि

जननायक कर्पूरी ठाकुर को दी गई श्रद्धांजलि

समारोह के उद्घाटन से पूर्व जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई.इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, विधायक भाई वीरेंद्र, प्रो. चंद्रशेखर, फैसल रहमान, कार्तिकेय कुमार सिंह, मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, डॉ. तनवीर हसन, रेखा पासवान, कुमर राय समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया.

कर्पूरी जी के अधूरे सपनों को पूरा करना हमारा संकल्प

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय के ऐसे प्रतीक थे, जिन्होंने शोषित, वंचित, पिछड़े, अतिपिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को उनका हक दिलाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया. उन्होंने कहा कि बिहार आज भी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है और इसके लिए वही लोग जिम्मेदार हैं जो पिछले बीस वर्षों से सत्ता में हैं.

तेजस्वी ने कहा, जो लोग कर्पूरी जी को उनके जीवनकाल में गालियां देते थे, वही आज उनकी जयंती मना रहे हैं. संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ करने वाली ताकतें आज सत्ता में बैठी हैं.

बिहार में लोक हारा, तंत्र जीता – तेजस्वी यादव

बिहार में लोक हारा, तंत्र जीता – तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में जनतंत्र को धनतंत्र के सहारे हराया गया. उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों में इतनी हिम्मत नहीं थी कि वे जनता के बीच जाकर जीत का जश्न मना सकें, इसलिए जश्न कार्यालयों तक सीमित रहा.

उन्होंने कहा कि, हमारे विचार और संकल्प अडिग हैं. कर्पूरी जी नहीं झुके, लालू जी नहीं झुके और आज मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि तेजस्वी भी नहीं झुकेगा.

मीडिया, बेरोजगारी और विकास पर सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सच और सच्चाई को दबाया जा रहा है और भ्रम फैलाने का काम किया जा रहा है.उन्होंने सरकार से पूछा कि एक करोड़ नौकरियों का वादा कब पूरा होगा, जबकि बिहार में न तो फैक्ट्रियां लग रही हैं और न ही रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार का घोषणा पत्र मात्र 38 सेकंड में समाप्त कर दिया गया, जिससे यह साफ है कि वादों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है.

महिला सुरक्षा और अपराध पर केंद्र सरकार पर निशाना

तेजस्वी यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बिहार में डटे रहे, लेकिन चुनाव के बाद बेटियों के साथ हो रहे अपराधों पर पूरी तरह चुप्पी साध ली गई है.

उन्होंने सवाल किया कि,
क्या अब प्रधानमंत्री को बेटियों की चिंता नहीं है?

ये भी पढ़े :तेजस्वी यादव की सुरक्षा घटाने पर सियासी बवाल, एजाज अहमद ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
ये भी पढ़े :शंकराचार्य से दुर्व्यवहार पर RJD का हमला, भाजपा पर साधा निशाना

परिवारवाद का आरोप लगाने वाले खुद वही कर रहे हैं

तेजस्वी यादव ने परिवारवाद के मुद्दे पर भी एनडीए को घेरा और कहा कि चुनाव के बाद बिना चुनाव जीते मंत्रियों को पद दिया जा रहा है. उन्होंने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि यह परिवारवाद नहीं तो और क्या है.

संगठन विस्तार और आंदोलन की चेतावनी

तेजस्वी यादव ने ऐलान किया कि बजट सत्र के बाद पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष और आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

उन्होंने कहा, हम सिर्फ नारों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि हर स्तर पर संघर्ष करेंगे और सत्ता में बैठे लोगों को बेचैन कर देंगे.

बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर पटना जिला और विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सारिका पासवान, प्रमोद सिन्हा, अरुण कुमार यादव, देवकिशुन ठाकुर, तनवीर अंसारी, पिंकू यादव, डॉ. रूबी कुमारी, रोहित यादव, सरदार रंजीत सिंह सहित अनेक प्रमुख नाम शामिल थे.

Trending news

Leave a Comment