लाखों घर उजड़े, फसलें डूबीं – राहुल गांधी ने मांगा बड़ा राहत पैकेज
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना,22 सितंबर 2025 – पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने लाखों लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.खेत उजड़ गए, घर बह गए और पशुधन का भारी नुकसान हुआ. इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि पंजाब के लिए घोषित ₹1600 करोड़ का राहत पैकेज नाकाफी है और इसे तुरंत बढ़ाकर व्यापक बनाया जाये.

बाढ़ से भारी तबाही
राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट करते हुए कहा कि पंजाब को इस बाढ़ से लगभग ₹20,000 करोड़ का नुकसान हुआ है. अकेले फसल के मोर्चे पर 4 लाख एकड़ से अधिक जमीन पर खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है.इसके अलावा लाखों लोग बेघर हो गए हैं और हजारों मवेशी बह गए हैं.
गांधी ने लिखा कि पंजाब की इस भीषण त्रासदी को देखते हुए केंद्र द्वारा दिया गया मात्र ₹1600 करोड़ का प्रारंभिक राहत पैकेज लोगों के साथ अन्याय है.उन्होंने इसे पंजाब की जरूरतों और वास्तविक नुकसान के मुकाबले बेहद कम बताया है.

पंजाबियों की हिम्मत की सराहना
कांग्रेस नेता ने अपने संदेश में पंजाब के लोगों की साहसिक भावना और जज़्बे की भी तारीफ की है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी तबाही के बावजूद पंजाब के लोग अद्भुत धैर्य और हिम्मत दिखा रहे हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि वे एक बार फिर पंजाब को खड़ा करेंगे. बस उन्हें सहारे और मजबूती की जरूरत है. उन्होंने लिखा.
केंद्र पर दबाव बनाने की कोशिश
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष लगातार केंद्र पर प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों को पर्याप्त मदद न देने का आरोप लगा रहा है. खासकर कृषि प्रधान पंजाब में बाढ़ ने किसानों की कमर तोड़ दी है. धान और मक्के जैसी प्रमुख फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को गहरा झटका लगा है.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए कहा है कि पंजाब की स्थिति को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता है. उन्होंने मांग किया कि केंद्र तुरंत एक व्यापक राहत पैकेज जारी करे ताकि प्रभावित परिवारों और किसानों को समय पर मदद मिल सके.
ये भी पढ़े :उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक रवैये के खिलाफ आजाद समाज पार्टी का सशक्त विरोध
ये भी पढ़े :दिल्ली में पानी का संकट: AAP ने BJP पर साधा निशाना
किसानों की स्थिति बद से बदतर
विशेषज्ञों का कहना है कि पंजाब में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है. एक ओर उनकी मेहनत की कमाई की फसलें पानी में बह गईं, वहीं दूसरी ओर उन्हें अपने घर और पशुधन के नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है.कृषि अर्थशास्त्रियों का मानना है कि यदि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर तुरंत राहत और पुनर्वास कार्य नहीं करतीं तो आने वाले समय में पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था गहरे संकट में पहुंच सकती है.

विपक्ष का रुख
कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह सिर्फ,प्रारंभिक राहत” के नाम पर खानापूर्ति न करे, बल्कि एक ठोस और दीर्घकालिक योजना लेकर आगे आये. राहुल गांधी का बयान इसी दबाव की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
आगे की राह
बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है. सेना और एनडीआरएफ की टीमें कई जगहों पर तैनात हैं, लेकिन प्रभावित लोग बता रहे हैं कि सहायता जरूरत से कहीं कम है. वहीं, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या प्रधानमंत्री पंजाब के लिए अतिरिक्त राहत पैकेज की घोषणा करेंगे या नहीं.
राहुल गांधी के इस बयान से साफ है कि विपक्ष पंजाब की त्रासदी को लेकर केंद्र सरकार को घेरने के मूड में है. अब देखना होगा कि मोदी सरकार पंजाब के किसानों और आम जनता की इस पीड़ा पर किस तरह प्रतिक्रिया देती है.
मेरा नाम रंजीत कुमार है और मैं समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर (एम.ए.) हूँ. मैं महत्वपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गहन एवं विचारोत्तेजक लेखन में रुचि रखता हूँ। समाज में व्याप्त जटिल विषयों को सरल, शोध-आधारित तथा पठनीय शैली में प्रस्तुत करना मेरा मुख्य उद्देश्य है.
लेखन के अलावा, मूझे अकादमिक शोध पढ़ने, सामुदायिक संवाद में भाग लेने तथा समसामयिक सामाजिक-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा करने में गहरी दिलचस्पी है.



















