भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी श्रद्धांजलि
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 24 जून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल आज जमुई के गिद्धौर पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार की राजनीति में ‘दादा’ के नाम से लोकप्रिय रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. दिग्विजय सिंह की 15वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया.इस अवसर पर डॉ. जायसवाल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजली दी और उनके सिद्धांतों, विचारों व सामाजिक योगदान को याद किया.
डॉ. जायसवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह राजनीति में अपने विचारों की स्पष्टता, निःस्वार्थ सेवा भावना और स्वाभिमानी व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किए जाएंगे. उन्होंने समाज के लिए जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा है.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, दादा की बोली में जो मिठास थी, वह कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करती थी. उन्होंने कभी कठोर शब्दों का प्रयोग नहीं किया, बल्कि अपने व्यवहार से सबको अपना बना लिया।उन्होंने यह भी कहा कि दिग्विजय सिंह अपने राजनीतिक जीवन में कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे और सटीक फैसलों के लिए जाने जाते थे.
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि निशानेबाजी के शौकीन दिग्विजय सिंह राजनीति में भी अपने निर्णयों की ‘सटीकता’ के लिए पहचाने जाते थे.वह सिर्फ नेता नहीं थे, बल्कि जनता के सच्चे प्रतिनिधि थे, जिन्होंने हर परिस्थिति में स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी.
समापन में डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा, आज भी दिग्विजय सिंह अपने विचारों और समाज के लिए किए गए योगदान के कारण लोगों के दिलों में जीवित हैं.वे जब तक राजनीति में रहे, ‘दिग्विजयी’ रहे और आज भी अपने समर्थकों के लिए ‘दिग्विजय’ ही हैं.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.













