मनोज झा का आरोप: बिहार दौरा महज़ इवेंट, ज़मीनी सच्चाई से कोसों दूर
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 18 जुलाई :राजद के राज्य मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आज आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज कुमार झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बिहार दौरे पर तीखा प्रहार किया है.उन्होंने मोदी के दौरे को भावहीन, दर्शनहीन और भ्रम फैलाने वाला करार देते हुए कहा कि यह दौरा जनता को सिर्फ खाली घोषणाओं की पोटली देकर ठगने का प्रयास था.
72 सौ करोड़ की योजना – जनता के पैसों से उपहार नहीं: झा
प्रो. झा ने प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 7,200 करोड़ की योजनाओं को लोकतंत्र का उपहास बताया और कहा कि ये योजनाएं कोई उपहार नहीं बल्कि बिहार की जनता के टैक्स से चल रहा है.उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील किया है कि वे अपनी भाषा और शब्दों में लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखें और जनता की मेहनत की कमाई को सौगात कहकर उसका अपमान न करें.
पटना को पुणे नहीं, सुरक्षा और न्याय चाहिए
प्रो. झा ने पटना को पुणे बनाने की प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि पहले बिहार को अपराधमुक्त करें. उन्होंने सवाल किया कि क्या आपने कभी पारस अस्पताल जैसी डरावनी तस्वीरें महाराष्ट्र में देखीं? उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधी बेखौफ हैं और आम लोग खौफ में जी रहे हैं. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य के अधिकारी अपराध पर बात करने के बजाय मौसम की रिपोर्ट देते हैं.
मोदी जी बताएं – मोतिहारी चीनी मिल कब शुरू होगी?
झा ने याद दिलाया कि 11 साल पहले नरेंद्र मोदी ने मोतिहारी में एक सभा में वादा किया था कि चीनी मिल चालू कराएंगे और वहीं की चाय पीएंगे.आज तक वहां के लोग इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार वादे करने के बावजूद ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हुआ है.
जातिगत जनगणना और बाबा साहब का नाम केवल दिखावा
प्रो. झा ने भाजपा और प्रधानमंत्री पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का राजनीतिक उपयोग करने का आरोप लगाया है.और उन्होंने कहा कि बाबा साहब को अंगीकार करने का दावा करने वाले ही उनकी विचारधारा का अपमान कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जातिगत जनगणना का उपहास उड़ाना सामाजिक न्याय के खिलाफ है.
तेजस्वी यादव की नीति से डबल इंजन सरकार भी मजबूर
प्रो. झा ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में 5.5 लाख नौकरियाँ दिया गया और 3.5 लाख प्रक्रियाधीन छोड़ी गईं. तेजस्वी जी ने जो लकीर खींची है, अब डबल इंजन सरकार उसी के पीछे-पीछे चल रही है.
बिहार से मजदूर ले जाने की नहीं, अब पूंजी लाने की बारी है
प्रो. झा ने पूंजी निवेश को लेकर मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि गुजरात में उद्योग लगाने की नीति के कारण बिहार को सिर्फ श्रमिक आपूर्ति केंद्र बनाकर छोड़ा गया है.उन्होंने कहा कि अब बिहार में उद्योग लगेंगे और जरूरत पड़ी तो मजदूर गुजरात से लाएंगे.
मोदी की योजनाओं पर तंज – पुरानी योजना में नया रैपर
राजद प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री की घोषणाओं को पुरानी योजनाओं का नया रैपर बताकर खारिज किया उन्होंने कहा कि लोग अब समझ चुके हैं कि यह केवल प्रचार है, नीयत नहीं.
सम्मेलन में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, विधान पार्षद कारी मोहम्मद सोहैब, पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रवक्ता एजाज अहमद, मधु मंजरी तथा अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के उपेंद्र चंद्रवंशी भी मौजूद थे.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















