कबीर जयंती पर पाटलिपुत्र की धरती से मानवता का संदेश

| BY

Ajit Kumar

कला-साहित्य
कबीर जयंती पर पाटलिपुत्र की धरती से मानवता का संदेश

फूले-अम्बेडकर संगठन की अनूठी पहल: शरबत, खीर वितरण और संत कबीर के विचारों का संदेश

तीसरा पक्ष ब्यूरो, पटना: 11 जून 2025 को पाटलिपुत्र की ऐतिहासिक धरती पर इस वर्ष भी कबीर जयंती और ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर फूले अम्बेडकर परिवार संगठन, पटना द्वारा जनसेवा एवं सामाजिक सौहार्द का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया जाएगा.

फूले-अम्बेडकर परिवार का जन-जागरण कार्यक्रम

जगेश्वर चौधरी द्वारा फूले अम्बेडकर परिवार संगठन, पटना के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 11 जून 2025 को सुबह 9 बजे से संध्या 5 बजे तक गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर संगठन द्वारा ठंडा मीठा शरबत, स्वादिष्ट खीर और संत कबीर के जीवन पर आधारित चार पृष्ठों का जीवन वृत्त (पैम्पलेट) नि:शुल्क वितरित किया जाएगा.

संत कबीर की जयंती पर 5000 लोगों को मिलेगा प्रसाद और विचारों का संदेश

जगेश्वर चौधरी ने आगे बताया कि यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से लगातार होता आ रहा है और इस बार भी लगभग 5000 लोगों के सम्मिलित होने की संभावना जताई जा रही है. इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को संत कबीर के समतामूलक विचारों, सामाजिक एकता और मानवता के संदेश से जोड़ना है.

सामाजिक समरसता का संदेश

संत कबीर दास, जिनकी वाणी आज भी समाज में व्याप्त भेदभाव, अंधविश्वास और रूढ़ियों के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है, उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए यह पहल की जा रही है. शरबत और खीर के रूप में न केवल शरीर की प्यास बुझाई जाएगी, बल्कि उनके विचारों से आत्मा की भी तृप्ति का प्रयास होगा.

विचार, आस्था और सेवा का संगम

फूले अम्बेडकर परिवार संगठन का यह कदम न केवल सेवा भाव को दर्शाता है, बल्कि यह बताता है कि संतों और समाज सुधारकों की जयंती केवल रस्म अदायगी नहीं बल्कि जनजागरण का अवसर हो सकती है.
आमंत्रण- इस आयोजन में सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से भागीदारी की अपील की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग संत कबीर के विचारों से प्रेरणा लेकर एक समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकें.

नोट: कार्यक्रम स्थल – कारगिल चौक, गांधी मैदान, पटना
समय: 11 जून 2025, प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक

Trending news

Leave a Comment