माले का 12वां राज्य सम्मेलन शुरू: फासीवाद और बुलडोजर राजनीति के खिलाफ जन प्रतिरोध का आह्वान

| BY

Ajit Kumar

बिहार
दरभंगा में आयोजित माले के 12वें राज्य सम्मेलन को संबोधित करते नेता और मौजूद कार्यकर्ता

बुलडोजर राजनीति के खिलाफ नई लड़ाई की जरूरत: दीपंकर भट्टाचार्य

तीसरा पक्ष ब्यूरो दरभंगा, 16 मई 2026: बिहार के दरभंगा स्थित लहेरियासराय के पोलो मैदान सभागार में भाकपा(माले) के 12वें राज्य सम्मेलन की शुरुआत जोरदार राजनीतिक संदेशों और जनप्रतिरोध के आह्वान के साथ हुई. तीन दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में इंडिया गठबंधन के कई नेताओं ने भाग लिया और भाजपा सरकार की बुलडोजर राजनीति, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव, बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता के खिलाफ आवाज बुलंद किया .

Untitled design 26 तीसरा पक्ष

बुलडोजर राजनीति के खिलाफ नई लड़ाई की जरूरत: दीपंकर भट्टाचार्य

भाकपा(माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए जनता को दूसरी आजादी की लड़ाई लड़नी होगी .उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में सुशासन की जगह बुलडोजर राज ने ले ली है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सत्ता का प्रभाव बढ़ता जा रहा है.

उन्होंने कहा कि देश में मजदूर, किसान, छात्र और युवाओं के आंदोलनों ने नई राजनीतिक चेतना पैदा किया है .सीएए विरोधी आंदोलन, किसान आंदोलन और छात्रों के संघर्षों ने विपक्षी एकता को मजबूत किया, जिसके परिणामस्वरूप INDIA गठबंधन अस्तित्व में आया.

दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा की राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और जनता को सच और संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा .उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के न्याय, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों की रक्षा करने का संकल्प दोहराया .

INDIA गठबंधन के नेताओं ने भाजपा पर साधा निशाना

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने बिहार में बढ़ती गरीबी, महिलाओं पर हिंसा और केंद्र सरकार के रवैये की आलोचना की है .उन्होंने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा है कि चुनावों के दौरान पैसे बांटे गए लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई नहीं किया .

कांग्रेस नेता मदन मोहन झा ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के बावजूद INDIA गठबंधन संघर्ष जारी रखे हुए है .उन्होंने पत्रकारों और असहमति रखने वालों पर बढ़ते दबाव को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है .

काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने परिसीमन और चुनावी प्रक्रिया को लेकर चिंता जताते हुए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष का आह्वान किया .

बेरोजगारी, महंगाई और गरीबों पर कार्रवाई का मुद्दा उठा

सम्मेलन में वक्ताओं ने बेरोजगारी, महंगाई, मजदूर अधिकारों और गरीब बस्तियों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है . आई.पी. गुप्ता ने कहा कि बुलडोजर सिर्फ गरीबों, दलितों और कमजोर वर्गों पर चलता है .

भाकपा(माले) नेता मीना तिवारी ने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, शिक्षकों पर लाठीचार्ज और महिला विरोधी राजनीति की आलोचना की है . उन्होंने सावित्रीबाई फुले और फातिमा शेख का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाओं ने संघर्ष से अपने अधिकार हासिल किए हैं और वे पीछे हटने वाली नहीं हैं .

शशि यादव ने मजदूरों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मुद्दे उठाए, जबकि ललन चौधरी ने बेरोजगारी, किसान संकट और नफरत की राजनीति पर केंद्र सरकार को घेरा .

ये भी पढ़े :अडानी केस, अमेरिका और पीएम मोदी पर सुप्रिया श्रीनेत का बड़ा हमला, जानिए पूरा विवाद
ये भी पढ़े :महिलाओं के 50% आरक्षण की मांग पर बोले चंद्रशेखर आजाद, कहा- आधी आबादी को बराबरी मिले बिना लोकतंत्र अधूरा

सम्मेलन स्थल पर दिखा जनसंघर्ष और वैचारिक विरासत का संदेश

सम्मेलन की शुरुआत बाबा नागार्जुन, डॉ. भीमराव आंबेडकर, चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी और डॉ. राममनोहर लोहिया सहित कई महान नेताओं और सांस्कृतिक हस्तियों को श्रद्धांजलि देकर की गई . लहेरियासराय स्टेशन से सम्मेलन स्थल तक मार्च निकाला गया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई .

सम्मेलन स्थल को लाल झंडों और बुलडोजर राजनीति के खिलाफ संघर्ष के पोस्टरों से सजाया गया . मंच और सभागार का नामकरण कई दिवंगत नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और साहित्यकारों के नाम पर किया गया .

इतिहासकार रामशरण शर्मा, डी.एन. झा और राधाकृष्ण चौधरी जैसे तार्किक और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने वाले विद्वानों को भी याद किया गया .

लोकतंत्र और संविधान बचाने का संदेश

सम्मेलन के दौरान नेताओं ने एकजुट होकर लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने की बात कही . वक्ताओं का कहना था कि भाजपा की बुलडोजर राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन की जरूरत है .

भाकपा(माले) के 12वें राज्य सम्मेलन में बिहार सहित देशभर से आए प्रतिनिधियों और नेताओं ने आगामी राजनीतिक लड़ाई को जनता के मुद्दों से जोड़ने और संघर्ष को मजबूत करने का संकल्प लिया .

Trending news

Leave a Comment