डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना :भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रवाद के प्रखर प्रवक्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस “स्मृति दिवस कार्यक्रम” में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

कार्यक्रम का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में किया गया, जहाँ डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, उनके संघर्ष, विशेषकर जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए किए गए उनके बलिदान को याद किया गया.
यह भी पढ़े :-नीतीश की कुर्सी पर किसकी नजर !
अनुच्छेद 370 का हटाया जाना सच्ची श्रद्धांजलि:जायसवाल
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने भावुक शब्दों में कहा की डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी.आज हम उनके त्याग और कर्तव्यबोध को नमन करते हैं. उनकी सच्ची श्रद्धांजलि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 का हटाया जाना है, जिसकी कल्पना उन्होंने सबसे पहले की थी। उनके ‘एक निशान, एक विधान, एक प्रधान’ के संकल्प को आज साकार करने के लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के आभारी हैं.
डॉ. जायसवाल ने डॉ. मुखर्जी के शैक्षणिक और वैचारिक योगदान को भी रेखांकित किया.उन्होंने बताया कि मात्र 33 वर्ष की आयु में कुलपति बनने वाले डॉ. मुखर्जी असाधारण शिक्षाविद थे.उन्होंने बंगाल के विभाजन के समय किशनगंज, सिलीगुड़ी, और मालदा जैसे क्षेत्रों को भारत में बनाए रखने में निर्णायक भूमिका निभाई.मैं खुद किशनगंज से आता हूँ और आज गर्व से कहता हूँ कि हम भारतीय हैं — इसके लिए डॉ. मुखर्जी को सादर नमन.
उन्होंने अंत में प्रार्थना करते हुए कहा की ईश्वर उनकी पुण्यात्मा को अमरत्व प्रदान करें. आज का भारत उनकी दूरदृष्टि और बलिदान का ही परिणाम है.
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने मंच साझा किया, जिनमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री भिखू भाई दालसानिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर, अशोक सहनी, प्रदेश मंत्री संजय गुप्ता, धनराज शर्मा, पटना महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, प्रभात कुमार, आशुतोष शंकर, मीना झा, प्रवीण पटेल, ज्ञान ओझा सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
स्मृति दिवस का यह आयोजन न केवल डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि देने का अवसर था, बल्कि यह कार्यक्रम भाजपा के वैचारिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को पुनः जागृत करने का प्रेरणास्रोत भी बना.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















