झंडा आधा झुकाकर दी गई श्रद्धांजलि
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना 17 अगस्त 2025 राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं तरैया विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी सिपाही लाल महतो के आकस्मिक निधन से पार्टी सहित पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है. 67 वर्षीय सिपाही लाल महतो का निधन 16 अगस्त की रात को हृदयगति रुक जाने से हो गया था .

प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के निर्देश पर राजद के प्रदेश कार्यालय में झंडा आधा झुकाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इसके साथ ही पार्टी कार्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखा गया और उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया . राजद नेताओं ने उन्हें कर्मठ, ईमानदार और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता बताया जिनकी कमी पार्टी और समाज दोनों को लंबे समय तक खलती रहेगी .
ये भी पढ़े :वोट अधिकार यात्रा: लोकतंत्र को बचाने सड़क पर उतरे तेजस्वी यादव
राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि सिपाही लाल महतो का जीवन संघर्ष, आंदोलन और सामाजिक न्याय की पैरोकारी में बीता .वे पार्टी के हर आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाते थे और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छवि एक दृढ़ नेतृत्वकर्ता के रूप में थी.
शोकसभा में राष्ट्रीय महासचिव बिनु यादव, प्रदेश महासचिव मदन शर्मा, प्रवक्ता एजाज अहमद, मुकुंद सिंह, भाई अरुण कुमार, निर्भय कुमार अंबेडकर, संजय यादव, महेंद्र प्रसाद विद्यार्थी, उपेंद्र चंद्रवंशी, बच्चा सिंह, शिवेंद्र कुमार तांती, मनोज यादव, डॉ. रवि, पिंटू राम और अरुण चौधरी समेत अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर गहरी श्रद्धांजलि अर्पित किया .
सिपाही लाल महतो के निधन पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद डॉ. मीसा भारती और प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने गहरा शोक व्यक्त किया है . इन सभी नेताओं ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस दुख की घड़ी में परिवार को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की है .
राजद परिवार ने एक समर्पित नेता को खो दिया है, जिनकी स्मृतियाँ पार्टी की विरासत में सदा जीवित रहेंगी

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















