राज्य सरकार तत्काल कदम उठाए: उदय नारायण चौधरी
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 31 अगस्त 2025 – बिहार में विशेष सर्वेक्षण के संविदा पर कार्यरत अभियंताओं और कर्मचारियों की अनिश्चितता लगातार गहराती जा रही है. अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर आमरण अनशन पर बैठे इन कर्मियों को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है.
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री उदय नारायण चौधरी, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के निर्देश पर आज अनशनकारी कर्मियों से मिलने पहुंचे. उनके साथ में प्रदेश उपाध्यक्ष मधु मंजरी और प्रदेश महासचिव भाई अरुण कुमार इ साथ साथ नेता हरिलाल यादव भी मौजूद रहे.इन नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को राजद का पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की.
बिहार में इंजीनियर बनना क्या गुनाह है? – उदय नारायण चौधरी का सवाल सरकार से
धरनास्थल पर कर्मियों को संबोधित करते हुए उदय नारायण चौधरी ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि,
बिहार की वर्तमान सरकार संवेदनहीनता की स्थिति में पहुंच गई है.चंद अफसर मिलकर सरकार चला रहे हैं और वही इसके पतन के कारण भी बनेंगे.आज युवा पूछ रहे हैं कि क्या बिहार में पैदा होना या इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना गुनाह है? नीतीश सरकार को इसका जवाब देना चाहिए.
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनता दल इन संविदा कर्मियों की मांगों को पूरी तरह जायज मानता है और राज्य सरकार से तत्काल समाधान की मांग करता है
ये भी पढ़े :हर वोट की आवाज: बिहार में लोकतंत्र का उगता सूरज
सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान
राजद महासचिव भाई अरुण कुमार ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि,
राजद इन कर्मियों की लड़ाई को सड़क से लेकर विधानसभा तक ले जाएगा. जब हमारी सरकार आएगी, तब इन सभी संविदाकर्मियों को स्थायी रोजगार दिया जाएगा.
वहीं, राजद नेत्री मधु मंजरी और नेता हरिलाल यादव ने भी अपने संबोधन में कर्मियों को भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है.
इस आंदोलन की अगुवाई संघ के अध्यक्ष विभूति कुमार और सचिव रौशन आरा कर रहे हैं, जिन्होंने राजद नेतृत्व का आभार व्यक्त किया.
संक्षेप में
राजद ने विशेष सर्वेक्षण संविदाकर्मियों के अनशन को अपना समर्थन देते हुए नीतीश सरकार से इनकी मांगें तत्काल मानने की अपील की है. पार्टी नेताओं ने संकेत दिए हैं कि अगर सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखाती है तो राजद इस मुद्दे को राज्यव्यापी आंदोलन में तब्दील कर सकती है.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















