मध्य प्रदेश में जमीन खरीद और विकास परियोजनाओं पर उठे सवाल, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

| BY

Ajit Kumar

भारत
मध्य प्रदेश में भूमि खरीद और विकास परियोजनाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवाल

विकास योजनाओं से पहले जमीन खरीद के आरोपों पर सियासत तेज

तीसरा पक्ष ब्यूरो मध्य प्रदेश राजनीति: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जमीन खरीद, विकास परियोजनाओं और कथित हितों के टकराव (Conflict of Interest) को लेकर नया विवाद सामने आया है.कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़े भूमि निवेश मामलों पर कई गंभीर सवाल उठाया हैं. कांग्रेस का कहना है कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि विकास योजनाएं पहले बनाई गईं या फिर विकास की संभावनाओं वाले क्षेत्रों में पहले जमीन खरीदा गया था.

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किए गए सवालों के माध्यम से सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग किया है. कांग्रेस का आरोप है कि यदि किसी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति या उसके परिवार को सरकारी योजनाओं से लाभ मिलता है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है.

कांग्रेस ने उठाए कई अहम सवाल

कांग्रेस द्वारा पूछे गए सवालों में सबसे प्रमुख मुद्दा यह है कि क्या मुख्यमंत्री कार्यालय ने कभी यह सुनिश्चित किया कि जिन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री परिवार की भूमि या व्यावसायिक हित मौजूद हैं, उनसे जुड़े सरकारी निर्णयों से मुख्यमंत्री स्वयं को अलग रखें.

विपक्ष का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हितों के टकराव से बचना बेहद आवश्यक होता है. यदि किसी क्षेत्र में विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं और उसी क्षेत्र में किसी जनप्रतिनिधि या उसके परिवार की भूमि है, तो पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक किया जाना चाहिए.

कैबिनेट और मास्टर प्लान प्रक्रिया पर सवाल

कांग्रेस ने यह भी जानना चाहा है कि क्या किसी कैबिनेट बैठक, विभागीय बैठक या मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के संभावित निजी लाभ के विषय में मंत्रिमंडल को कोई जानकारी दी थी.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि विकास परियोजनाओं से जुड़े फैसलों में किसी जनप्रतिनिधि के परिवार को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष लाभ पहुंचता है, तो उस स्थिति में सभी प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड सार्वजनिक होना चाहिए ताकि किसी प्रकार के संदेह की गुंजाइश न रहे.

रियल एस्टेट कंपनियों और भूमि हस्तांतरण का मुद्दा

कांग्रेस ने रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए दावा किया है कि मुख्यमंत्री की पत्नी, पुत्रवधु और अन्य रिश्तेदारों से जुड़ी चार रियल एस्टेट कंपनियों का उल्लेख सामने आया है. विपक्ष ने सरकार से मांग किया है कि इन कंपनियों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए.

इसके अलावा यह सवाल भी उठाया गया है कि क्या मुख्यमंत्री की पत्नी की हिस्सेदारी वाली कंपनियों से परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भूमि का हस्तांतरण हुआ है. कांग्रेस का कहना है कि यदि ऐसा हुआ है तो इसकी विस्तृत जानकारी जनता के सामने रखी जानी चाहिए.

फॉरेंसिक ऑडिट की मांग

मामले को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री परिवार से जुड़ी सभी कंपनियों के फॉरेंसिक ऑडिट की मांग की है.विपक्ष का कहना है कि स्वतंत्र एजेंसी द्वारा जांच होने से सभी तथ्यों की निष्पक्ष पुष्टि हो सकेगी और जनता के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलेगा.

फॉरेंसिक ऑडिट किसी कंपनी के वित्तीय लेनदेन, निवेश, भूमि खरीद और व्यावसायिक गतिविधियों की विस्तृत जांच का माध्यम माना जाता है.ऐसे ऑडिट से यह स्पष्ट हो सकता है कि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप हुईं या नहीं.

विकास परियोजनाओं और भूमि खरीद का संबंध

कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया है कि जिन क्षेत्रों में भूमि खरीदी गई, वहां कुछ समय बाद हाउसिंग प्रोजेक्ट और बिल्डर एग्रीमेंट शुरू हो गया. विपक्ष जानना चाहता है कि क्या यह पहले से नियोजित व्यावसायिक रणनीति का हिस्सा था या फिर यह केवल संयोग था.

साथ ही यह भी पूछा गया है कि कुछ परियोजनाओं में भूमि मालिकों को विकसित संपत्ति का 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा मिलने की बात क्या सही है. यदि ऐसा है तो परियोजनाओं से होने वाले संभावित आर्थिक लाभ का पूरा विवरण सरकार सार्वजनिक करे.

ये भी पढ़े :व्यवस्था परिवर्तन दिवस पर चंद्रशेखर आजाद की सत्ता परिवर्तन यात्रा : बिजनौर में उमड़ा जनसैलाब, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
ये भी पढ़े :राहुल गांधी का बड़ा हमला: आर्थिक संकट आने वाला है, लेकिन मोदी सरकार तैयार नहीं!

सड़क पहले बनी या जमीन पहले खरीदी गई?

कांग्रेस के सबसे महत्वपूर्ण सवालों में से एक यह है कि विकास परियोजनाओं के तहत प्रस्तावित सड़कें पहले तय हुई थीं या फिर जमीन की खरीद पहले की गई थी.

विपक्ष का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में भविष्य की सरकारी परियोजनाओं की जानकारी पहले से उपलब्ध थी और उसी आधार पर बड़े पैमाने पर भूमि निवेश किया गया, तो इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है. वहीं यदि भूमि खरीद और विकास योजनाओं के बीच कोई संबंध नहीं है तो सरकार को सभी दस्तावेज सार्वजनिक करके स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.

सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से जांच की मांग

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चर्चित नारे ,ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा, का उल्लेख करते हुए इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है.

विपक्ष ने मुख्यमंत्री से यह भी पूछा है कि क्या वे वर्ष 2023 में हुई भूमि खरीद की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग जज से कराने के लिए तैयार हैं.कांग्रेस का मानना है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच से सभी विवादों का समाधान हो सकता है.

जनता जवाब चाहती है!

मध्य प्रदेश की राजनीति में यह मुद्दा तेजी से चर्चा का विषय बनता जा रहा है. कांग्रेस लगातार सरकार से जवाब मांग रही है, जबकि सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.

राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस पूरे विवाद का मूल प्रश्न यही है कि विकास योजनाएं पहले बनीं या जमीन खरीद पहले हुई.यदि सरकार पारदर्शिता के साथ सभी तथ्यों को सार्वजनिक करती है तो इससे जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा.

आने वाले दिनों में यह मुद्दा मध्य प्रदेश की राजनीति में और अधिक महत्वपूर्ण हो सकता है, क्योंकि विपक्ष इसे जवाबदेही और पारदर्शिता से जोड़कर देख रहा है.अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार इन सवालों का क्या जवाब देती है और क्या किसी स्वतंत्र जांच की दिशा में कोई कदम उठाया जाता है.

Trending news

Leave a Comment