स्वदेश भट्टाचार्य को श्रद्धांजलि: दीपंकर बोले- संगठन मजबूत करना ही सच्ची श्रद्धांजलि

| BY

Ajit Kumar

बिहार
पटना में स्वदेश भट्टाचार्य की श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य

पटना के रवींद्र भवन में आयोजित सभा में वामपंथी नेताओं ने संघर्षों को याद किया, दीपंकर ने बिहार सरकार पर भी साधा निशाना

तीसरा पक्ष ब्यूरोः पटना में बुधवार, 11 नवंबर 2026 को भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता और पार्टी के संस्थापक सदस्य कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. पटना के रवींद्र भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया.सभा में वक्ताओं ने स्वदेश भट्टाचार्य के राजनीतिक जीवन, संगठन निर्माण में उनके योगदान और जन आंदोलनों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया.

भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का निधन पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मजबूती के साथ आगे बढ़ना स्वदेश जी की विशेषता थी. अंतिम दिनों तक वे पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए संघर्षरत रहे.

दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि स्वदेश भट्टाचार्य को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि पार्टी संगठन को मजबूत किया जाए और उनके संघर्षों को आगे बढ़ाया जाए.

Untitled design 5 1 तीसरा पक्ष

सामंती दमन के खिलाफ आंदोलन खड़ा करने में रही अहम भूमिका

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए दीपंकर भट्टाचार्य ने मध्य बिहार में सामंती दमन और उत्पीड़न के खिलाफ आंदोलनों को संगठित करने में स्वदेश भट्टाचार्य की भूमिका का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जिन संघर्षों के जरिए पार्टी ने अपनी संगठनात्मक नींव मजबूत की, उन्हीं संघर्षों के परिणामस्वरूप आज भाकपा (माले) फासीवाद के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर खड़ी है.

उन्होंने स्वदेश भट्टाचार्य को स्थिरता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बताते हुए कहा कि मुश्किल दौर में भी उन्होंने अपने कदम पीछे नहीं खींचे.उनके मुताबिक, स्वदेश जी का राजनीतिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए संघर्ष और संगठन निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा.

Untitled design 4 2 तीसरा पक्ष

बिहार में बुलडोजर और एनकाउंटर को लेकर सरकार पर निशाना

दीपंकर भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों और कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए.उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बुलडोजर और एनकाउंटर सत्ता के पर्याय बन गए हैं तथा सुशासन की बात अब दिखाई नहीं देती.

उन्होंने कहा कि गरीबों के घरों को बुलडोजर से गिराया जा रहा है और एनकाउंटर के नाम पर कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस ही अपराधियों जैसा व्यवहार करने लगे तो न्याय और कानून के शासन का क्या महत्व रह जाएगा?

दीपंकर ने नीतीश कुमार के कार्यकाल में सुशासन की चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बुलडोजर और एनकाउंटर की राजनीति की बात हो रही है.

उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) के सामने भाजपा के दमनकारी शासन को परास्त करने तथा लोकतंत्र और संविधान के शासन को पुनर्स्थापित करने की चुनौती है.पार्टी इस चुनौती का संघर्ष के जरिए मुकाबला करेगी.

Untitled design 6 1 तीसरा पक्ष

जेन-जी आंदोलन को लेकर बोले दीपंकर, कई मुद्दों पर उठा रहे आवाज

अपने संबोधन में दीपंकर भट्टाचार्य ने जेन-जी आंदोलन पर भी विचार रखे.उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को लेकर अलग-अलग तरह के विश्लेषण किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें जबरदस्त संभावनाएं मौजूद हैं.

उन्होंने कहा कि जेन-जी आंदोलन केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है.युवा वोट चोरी, पर्यावरण, किसानों के सवाल और संपूर्ण शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी अपनी आवाज उठा रहे हैं.

दीपंकर के मुताबिक, इन सवालों को व्यापक स्तर पर संगठित करना और युवाओं की आवाज को जन आंदोलनों से जोड़ना जरूरी है.उन्होंने इसे स्वदेश भट्टाचार्य के बताए संघर्ष और संगठन निर्माण के रास्ते को आगे बढ़ाने से भी जोड़ा.

छात्र-युवा, मजदूर और किसान आंदोलनों की साझा लड़ाई पर जोर

सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा ने छात्र और नौजवान आंदोलनों को मजदूर तथा किसान आंदोलनों से जोड़ने की जरूरत बताई.।

उन्होंने कहा कि विभिन्न तबके आज अपने-अपने सवालों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं.ऐसे समय में इन आंदोलनों के बीच साझा लड़ाई की दिशा विकसित करना सबसे ज्यादा जरूरी है.उन्होंने कहा कि आंदोलनों को जोड़कर आगे बढ़ाने की बारीकियां उन्होंने स्वदेश भट्टाचार्य से सीखी थीं.

पश्चिम बंगाल के पार्टी राज्य सचिव अभिजीत मजुमदार ने नक्सलबाड़ी आंदोलन को याद करते हुए स्वदेश भट्टाचार्य को श्रद्धांजलि दी.उन्होंने देशव्यापी स्तर पर पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया.

ये भी पढ़े :वोटर ID से मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ ? राहुल गांधी ने उठाए सवाल
ये भी पढ़े :बिहार के बाद यूपी की ओर चिराग पासवान, प्रियंका भारती ने कसा तंज

वामपंथी दलों के नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न वामपंथी दलों के नेताओं ने भी हिस्सा लिया और स्वदेश भट्टाचार्य के संघर्षों को याद किया.वक्ताओं ने उनके विचारों और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ-साथ वामपंथी एकता मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया.

सभा को संबोधित करने वालों में सीपीआई के रामलला सिंह, फॉरवर्ड ब्लॉक के राज्य सचिव अमरीक महतो, एसयूसीआई के राज्य सचिव अरुण सिंह और सीपीआई (एमएल) क्लास स्ट्रगल के अरविंद सिन्हा शामिल रहे.

भाकपा (माले) के राज्य सचिव कुणाल ने स्वदेश भट्टाचार्य का जीवन परिचय पढ़कर सुनाया. कार्यक्रम का संचालन पार्टी पोलित ब्यूरो सदस्य और ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी ने किया.

Untitled design 7 1 तीसरा पक्ष

कई वरिष्ठ नेताओं ने साझा किए संघर्ष के अनुभव

सभा में केंद्रीय कार्यालय प्रभारी प्रभात चौधरी और सांसद राजाराम सिंह ने स्वदेश भट्टाचार्य के किसान आंदोलनों से जुड़ाव तथा उनके भाषणों को याद किया. दोनों नेताओं ने उनके साथ बिताए संघर्ष के दिनों का उल्लेख करते हुए उन्हें एक महत्वपूर्ण मार्क्सवादी शिक्षक बताया और उनके निधन को अपूरणीय क्षति कहा.

कार्यक्रम में भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, राज्य सचिव कुणाल, पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा, ऐपवा महासचिव मीना तिवारी, पश्चिम बंगाल के राज्य सचिव अभिजीत मजुमदार, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी प्रभात चौधरी, विधान परिषद सदस्य शशि यादव, पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, आरा सांसद सुदामा प्रसाद, काराकाट सांसद राजाराम सिंह और पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

संगठन और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

पटना के रवींद्र भवन में आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा केवल एक वरिष्ठ नेता को याद करने का कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि इसमें पार्टी संगठन, वामपंथी एकता और जन आंदोलनों की भविष्य की दिशा पर भी चर्चा हुई.

दीपंकर भट्टाचार्य का संदेश स्पष्ट था कि स्वदेश भट्टाचार्य के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके संघर्षों और विचारों को आगे बढ़ाने में है. संगठन को मजबूत करना, युवाओं की आवाज को व्यापक आंदोलनों से जोड़ना और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखना ही उनकी राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने का रास्ता है.

Trending news

Leave a Comment