डबल इंजन सरकार पर RJD का हमला

| BY

Ajit Kumar

बिहार
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर बयान देते RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर मंगनी लाल मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी

तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 15 मई 2026: बिहार में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने केंद्र और बिहार की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे डबल इंजन की डबल लूट करार दिया है.उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डालकर सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने में जुट गई है.

महंगाई से आम आदमी की कमर टूट गई — मंगनी लाल मंडल

राजद प्रदेश अध्यक्ष ने बयान जारी करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की बेलगाम कीमतों ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति को पूरी तरह कमजोर कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जहां लगातार ईंधन की कीमतों में वृद्धि कर रही है, वहीं बिहार सरकार पेट्रोल-डीजल पर भारी वैट वसूलकर जनता पर दोहरी मार डाल रही है.

उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने का सीधा असर परिवहन, माल ढुलाई और खेती-किसानी पर पड़ रहा है. डीजल की कीमत बढ़ने से किसानों की सिंचाई लागत बढ़ गई है, जबकि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं. इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है.

राज्य सरकार से टैक्स घटाने की मांग

राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार सरकार से तत्काल पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले राज्य कर और वैट को कम करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार में जनता के प्रति थोड़ी भी संवेदनशीलता बची है, तो उसे तुरंत राहत देने के लिए टैक्स में कटौती करनी चाहिए.

मंगनी लाल मंडल ने यह भी कहा कि महंगाई केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक संकट बन चुकी है.रसोई गैस, खाद्य पदार्थ और परिवहन खर्च बढ़ने से आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है.

जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती

राजद नेता ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी. उन्होंने दावा किया कि जनता अब महंगाई और टैक्स की मार से परेशान हो चुकी है और सरकार के खिलाफ आक्रोश तेजी से बढ़ रहा है.

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगा और जरूरत पड़ी तो बिहार भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा.

ये भी पढ़े :प्रयागराज के गऊघाट में अतिक्रमण हटाओ अभियान पर उठा बड़ा सवाल, विकास या गरीबों पर व्यवस्था की कठोरता?
ये भी पढ़े :बिहार मंत्रिमंडल में परिवारवाद पर तेजस्वी यादव का हमला, पीएम मोदी पर लगाए बड़े आरोप

बिहार की राजनीति में फिर गरमाया महंगाई का मुद्दा

पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र और राज्य सरकार को घेर रहा है. बिहार में आगामी राजनीतिक गतिविधियों के बीच महंगाई का मुद्दा एक बार फिर प्रमुख राजनीतिक बहस बनता जा रहा है। विपक्ष इसे जनता से जुड़े सबसे बड़े मुद्दों में शामिल कर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति में जुटा है.

Trending news

Leave a Comment