रक्तदान से स्वच्छता तक कई कार्यक्रम
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 5 सितंबर–प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) को बिहार भाजपा बड़े स्तर पर,सेवा पखवाड़ा की शुरुआत करेगी.यह अभियान 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा. इसी सिलसिले में आज पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा पखवाड़ा सह संपर्क अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया.

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीति तक सीमित दल नहीं है. बल्कि, राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा और रचनात्मक कार्यों के लिए समर्पित संगठन है.उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की असली पहचान जनता की सेवा से ही होती है.

रक्तदान से स्वास्थ्य जांच तक विशेष आयोजन
डॉ. जायसवाल ने बताया कि 17 सितंबर को युवा मोर्चा की ओर से जिले-जिले में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे. इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा.
17 से 24 सितंबर तक पूरे बिहार में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होंगे.
इसी दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वर्चुअल माध्यम से पीएम मोदी का संबोधन भी सुना जाएगा.
25 सितंबर को पार्टी के वैचारिक मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी.
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर ,वोकल फॉर लोकल संकल्प के साथ खादी वस्त्रों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जाएगा.

2047 तक हर सपना पूरा होगा – अरविंद मेनन
कार्यशाला में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन ने विजन 2047 का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक और सामाजिक परिवर्तन की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि 2047 तक हर भारतीय का सपना पूरा होगा. साथ ही उन्होंने स्वच्छता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का भी आह्वान किया.

विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे – नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है. उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को अद्वितीय बताते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत करार दिया.

मजबूत भारत के लिए मजबूत भाजपा जरूरी – विजय कुमार सिन्हा
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए भाजपा की मजबूती बेहद आवश्यक है. उन्होंने युवाओं से अपील किया कि वे अधिक से अधिक गांवों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.
वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
इस कार्यशाला में विधानपार्षद निवेदिता सिंह, शीला प्रजापति, सतपाल नरोत्तम सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रभारी शामिल हुए.
यह पूरा अभियान न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ता है, बल्कि भाजपा की, जनसेवा ही राष्ट्र सेवा की भावना को भी प्रदर्शित करता है.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















