भाजपा प्रवक्ता का सवाल: तेजस्वी किस बिहार में रहना चाहते हैं?
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 5 सितंबर 2025– बिहार की सियासत में कांग्रेस और उसके सहयोगियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर करारा हमला बोला है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक मनोज शर्मा ने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए कहा कि बिहार और बिहारियों को अपमानित करने वाली कांग्रेस की मानसिकता अब जगजाहिर हो चुकी है.
उन्होंने केरल कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर बिहार के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है.
कांग्रेस पर करारा वार
मनोज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की सोच हमेशा से ही बिहार और बिहारियों के प्रति अपमानजनक रही है.पंजाब में जब चरणजीत सिंह चन्नी ने बिहारियों को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं थीं.तो प्रियंका गांधी ताली बजाकर उसका समर्थन कर रही थीं. वहीं हाल ही में राहुल गांधी ने अपनी रैली में उन नेताओं को मंच पर जगह दी जिन्होंने सनातन धर्म और बिहारियों के डीएनए पर सवाल उठाए थे.
स्टालिन ने तो बिहार की रैली में हिंदी बोलना भी जरूरी नहीं समझा.ये कांग्रेस की सोच और अहंकार को दर्शाता है. आज केरल कांग्रेस की पोस्ट ने सिर्फ यह याद दिला दिया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी बिहार को किस नजर से देखते हैं– मनोज शर्मा
ये भी पढ़े :पीएम मोदी के जन्मदिन पर बिहार भाजपा का,सेवा पखवाड़ा अभियान
ये भी पढ़े :माँ के अपमान के खिलाफ बिहार बंद: एनडीए महिला मोर्चा का प्रदर्शन
तेजस्वी यादव और सहयोगियों पर निशाना
भाजपा प्रवक्ता ने सीधा हमला तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और वामपंथी दलों पर बोला.उन्होंने कहा कि , अब इन नेताओं को तय करना है कि वे ‘ब’ से बहादुर बिहारी कहलाएंगे या ‘ब’ से बीड़ी वाला बिहारी बनकर कांग्रेस की गुलामी करेंगे.राहुल गांधी की रैली में तेजस्वी यादव का जिस तरह हाशिये पर धकेल दिया गया, उससे साफ है कि कांग्रेस को थोड़ी ताकत और मिलते ही वह राजद से पिछले 35 वर्षों का हिसाब बराबर करेगी.
जनता देगी जवाब – भाजपा
मनोज शर्मा ने कहा कि बिहारियों का मान-सम्मान सर्वोपरि है और कांग्रेस की हरकतों का जवाब जनता अपने वोट से देगी.2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता अपने आत्मसम्मान और स्वाभिमान के लिए भाजपा को चुनकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों को सबक सिखाएगी.
यह पूरा मामला आने वाले चुनावी परिदृश्य में बड़ा मुद्दा बन सकता है, क्योंकि भाजपा इसे बिहार की अस्मिता से जोड़कर जनता के बीच ले जा रही है.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















