जगरनाथ साह ने समर्थकों संग थामा हाथ
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 23 जून : बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है.आप और हम’ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगरनाथ साह ने आज पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में अपनी पूरी पार्टी के साथ राजद में विलय कर लिया.इस अवसर पर उन्होंने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण किया.राजद के प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में राजद के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, और प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद भी मौजूद रहे.

राजद में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में अविनाश कुमार, कुन्दन सिंह पटेल, मीरा गुप्ता और अविनाश साईं भी शामिल रहे. इन्हें सदस्यता प्रमाणपत्र, फूलों की माला और ‘गोपालगंज टू रायसीना’ पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया.यह पुस्तक राजद सुप्रीमो श्री लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक जीवन पर आधारित है.
यह भी पढ़े :-सरकार की घोषणाएं नहीं, छलावा है ये: भाकपा (माले)
यह भी पढ़े :-लालू प्रसाद होंगे एक बार फिर RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष श्री मंगनी लाल मंडल ने इस अवसर पर कहा
देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशें लगातार हो रही हैं. ऐसे दौर में हम सभी को एकजुट होकर लालू जी के विचारों और तेजस्वी जी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना होगा.
उन्होंने यह भी जोड़ा कि 17 महीने की महागठबंधन सरकार के दौरान तेजस्वी यादव ने जिन मुद्दों — जैसे रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, आईटी, और सिंचाई — पर काम किया, उसने बिहार में सकारात्मक राजनीति की नई दिशा दी है.
विलय की घोषणा करते हुए श्री जगरनाथ साह ने कहा
मैं और मेरी पार्टी के साथी, राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालू प्रसाद जी की विचारधारा और तेजस्वी यादव जी के विकासात्मक कार्यों से बेहद प्रभावित हैं. युवा नेतृत्व को सशक्त करने के लिए हमने ‘आप और हम’ पार्टी का विलय राजद में करने का निर्णय लिया है.
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में केवल राजद ही एक ऐसी पार्टी है जो जनता के मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रही है और युवाओं को राजनीतिक नेतृत्व में जगह दे रही है.
यह विलय बिहार की राजनीति में राजद के बढ़ते प्रभाव और विपक्ष की एकजुटता का संकेत माना जा रहा है.आने वाले चुनावों में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है.

I am a blogger and social media influencer. I have about 5 years experience in digital media and news blogging.



















