बिहार में राजद को नया कप्तान, मंगनीलाल मंडल को कमान

| BY

Ajit Kumar

अन्य ख़बरें

समाजवाद के सच्चे सिपाही राजद के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित

तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 19 जून :बिहार की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया जब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की बिहार इकाई ने मंगनीलाल मंडल को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना.पटना के ज्ञान भवन में आयोजित राज्य परिषद की बैठक में निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन ने मंगनीलाल मंडल के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा करते हुए उन्हें प्रमाणपत्र सौंपा. करतल ध्वनि के बीच हुई इस घोषणा ने पूरे माहौल को उत्साह और विश्वास से भर दिया.

लालू प्रसाद ने किया उद्घाटन, मंडल की सराहना

कार्यक्रम की शुरुआत राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई.उद्घाटन भाषण में श्री यादव ने मंगनीलाल मंडल को एक समर्पित समाजवादी बताते हुए कहा की वे सामाजिक न्याय की लड़ाई के सच्चे सिपाही हैं. पार्टी को उनके अनुभव और नेतृत्व से नई दिशा मिलेगी.

तेजस्वी यादव ने बताया संगठन के लिए ऐतिहासिक क्षण

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंडल के चयन को पार्टी के लिए “संगठनात्मक दृष्टि से ऐतिहासिक” करार देते हुए कहा की मंडल जी कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद जैसे महान नेताओं के साथ समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की मूल भावना को आगे बढ़ाने में वर्षों से सक्रिय रहे हैं.

पूर्व अध्यक्षों व वरिष्ठ नेताओं ने किया स्वागत

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, पूर्व मंत्री अनिता देवी तथा सांसद अभय कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने मंडल के निर्वाचन का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में पार्टी की मजबूती की आशा जताई। पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.

संगठनात्मक अधिकारों पर प्रस्ताव पारित

बैठक के दौरान राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के मनोनयन तथा कोषाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह ने राज्य कार्यकारिणी के गठन हेतु पार्टी नेतृत्व को अधिकृत करने संबंधी प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। यह प्रस्ताव संगठन को नई संरचना देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

मंच पर मौजूद रहे कई दिग्गज नेता

इस अवसर पर मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अली असरफ फातिमी, सांसद डॉ. मीसा भारती, जयप्रकाश नारायण यादव, संजय यादव, सुधाकर सिंह, आलोक मेहता, ललित यादव, डॉ. शमीम, बीनू यादव, अशोक कुमार सिंह, भाई वीरेंद्र, शक्ति सिंह यादव सहित दर्जनों दिग्गज नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधायक, परिषद सदस्य व विशेष आमंत्रित सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

सम्मान समारोह में दिखी गरिमा

कार्यक्रम के अंत में निर्वाचन पदाधिकारियों द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया.डॉ. तनवीर हसन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद को, देव किशुन ठाकुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल को, सारीका पासवान ने राबड़ी देवी को तथा ई. अशोक यादव ने तेजस्वी यादव को साल ओढ़ाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया.

Trending news

Leave a Comment