भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई
तीसरा पक्ष ब्यूरो,पटना : 14 अप्रैल 2025 को भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आज संविधान के शिल्पकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई. भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा आयोजित जयंती समारोह का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बाबा साहब की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
इंडी गठबंधन के लोग वोट बैंक की राजनीति करते हैं: डॉ. दिलीप जायसवाल
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब के योगदान और उनके महान विचारों का स्मरण करने का दिन है. हम सभी को अपने जीवन में उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए. उन्होंने कहा कि समाज में जिस तरह से भेदभाव था और जो लोग मुख्य धारा के साथ जुड़ नहीं पाए थे और जो लंबे समय तक हाशिए पर थे, बाबा साहेब ने न केवल उनकी चिंता की बल्कि ऐसे लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संविधान में वह प्रावधान बनाने का भी कार्य किया.
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने इस देश में आजादी के बाद 17 बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और तीन बार गठबंधन की सरकार में राज करने का काम किया। यानी आजादी के बाद से 65 वर्षों तक कांग्रेस देश की सत्ता में रही। इन वर्षों में कांग्रेस ने समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों के लिए क्या किया, इसका जवाब कांग्रेस को देना चाहिए.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा, ” बाबा साहेब ने संविधान के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार पहुंचाने का काम किया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें हमेशा अपमानित किया. उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने पर मजबूर किया और अंतिम समय में उनकी पत्नी से शव ले जाने का खर्चा तक वसूला गया। कांग्रेस ने उनकी पत्नी को अपमानित और प्रताड़ित करने का काम किया है। कांग्रेस ने बाबा साहेब को दिल्ली में दो गज जमीन तक मुहैया नहीं कराई.”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी बातों का अगर निष्कर्ष निकाला जाए तो यही है कि समाज में भेदभाव, अशिक्षा के खिलाफ बाबा साहेब की जो आवाज थी संविधान में निर्माता के रूप में उन्होंने जो बातें लिखी और उनके जीवन में ही कांग्रेस ने जो उन्हें अपमानित किया, वह याद रखने की बात है. उन्होंने इशारों ही इशारों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि नेहरू के वंशज आज हाथ में संविधान की पुस्तक लेकर घूम रहे हैं, जो उनके दोहरे चरित्र का प्रगटीकरण है। यह उनका दोहरा चरित्र है कांग्रेस के नेताओं के स्मारक के लिए दिल्ली में 50-50 एकड़ जमीन है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्य बताते हुए कहा कि जब वे सत्ता में आए तब उन्होंने बाबा साहेब का स्मारक बनाया। देश को यह समझने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से भावनाओं में नहीं बहने का आह्वान किया। भाजपा ने हर समय बहते पानी में सबका साथ, सबका विकास की राजनीति की है लेकिन इंडी गठबंधन के लोगों ने तालाब में मछली मारकर वोट बैंक की राजनीति की है.
भारत का संविधान बनाने वाला व्यक्ति आज देश में पूजा जाता है: सम्राट चौधरी
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब ने मर्यादाओं की चिंता की है. भारत का संविधान बनाने वाला व्यक्ति आज भारत में पूजा जाता है जबकि पाकिस्तान में संविधान बनाने वाले को कोई पहचानता तक नहीं है, यही फर्क है. हम दुनिया को अपने साथ लाने का काम किए। उन्होंने लोगों से बाबा साहेब के सपने को आगे लेकर चलने का आह्वान किया.
जाति आधारित राजनीति करने वाले बाबा साहेब के समर्थक नहीं हो सकते: विजय सिन्हा
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बाबा साहेब ने छुआछूत और जातीय भेदभाव के खिलाफ आंदोलन चलाया। आज जो जातीय भेदभाव की बात करते हैं और समाज के अंदर नफरत के भाव पैदा करते हैं, क्या वे बाबा साहेब के समर्थक हैं. बाबा साहेब की सोच थी कि गुलामी में जिसने विरासत को तार-तार किया वह देश में नहीं चाहिए. लेकिन आज भी समाज को जाति के नाम पर बांटा जाता है। वे बाबा साहेब के समर्थक नहीं हो सकते जो जाति आधारित राजनीति करते हैं.
इस कार्यक्रम में मंत्री मंगल पांडेय, जनक चमार, हरि सहनी, सांसद रविशंकर प्रसाद, भीम सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया मौजूद रहे साथ ही भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश के महामंत्री कुंअर विजय पासवान जी ने मंच संचालन किया,इसमें सुनील दास सुबोध पासवान, डॉ योगेन्द्र पासवान, अनामिका पासवान,गजेन्द्र पासवान,विक्की रजक सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।इस कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रदीप राउत ने किया
I am a blogger and social media influencer. I am engaging to write unbiased real content across topics like politics, technology, and culture. My main motto is to provide thought-provoking news, current affairs, science, technology, and political events from around the world.



















