5 जुलाई को होगी औपचारिक घोषणा
तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना :राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने आज पटना में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में जानकारी दी कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर श्री लालू प्रसाद निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं.औपचारिक घोषणा आगामी 5 जुलाई 2025 को पटना के बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में की जाएगी.इस अवसर पर उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा और नवनिर्वाचित अध्यक्ष की अध्यक्षता में पार्टी का खुला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा.

डॉ. पूर्वे ने बताया कि 18 जनवरी 2025 को राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी और चित्तरंजन गगन को राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया गया था. पार्टी संगठन के चुनाव की प्रक्रिया को पार्टी संविधान के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया गया। उन्होंने कहा कि लगभग 1 करोड़ 10 लाख सदस्यों वाली पार्टी में प्राथमिक इकाई से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक का चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं और सांगठनिक नेटवर्क के सहयोग से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया.
डॉ. पूर्वे ने बताया कि देश के 27 राज्यों में कार्यरत राजद की इकाइयों में से 22 राज्यों के संगठनात्मक चुनाव संपन्न हो चुके हैं.पंचायत, प्रखंड और राज्य इकाईयों के चुनाव के बाद 21 जून 2025 को राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की तदर्थ सूची प्रकाशित की गई थी, जबकि अंतिम सूची 22 जून को जारी कर दी गई.

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 23 जून को निर्धारित थी.इस दौरान केवल एक ही नामांकन श्री लालू प्रसाद, पिता स्व. कुंदन राय, निवासी कौटिल्य नगर, पटना द्वारा दाखिल किया गया. 24 जून को नामांकन पत्र की जांच राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन की उपस्थिति में की गई, जिसमें सभी दस्तावेज वैध पाए गए. नाम वापसी की अंतिम समय सीमा 24 जून को दोपहर 3 बजे तक थी, लेकिन कोई नामांकन वापस नहीं लिया गया.ऐसे में श्री लालू प्रसाद को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया है.
डॉ. पूर्वे ने कहा कि पूरा चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, लोकतांत्रिक और पार्टी संविधान के अनुरूप आयोजित की गई है.
पत्रकार सम्मेलन में राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रवक्ता मधु मंजरी, राज्य सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ई. अशोक यादव, देव किशुन ठाकुर, प्रदेश महासचिव भाई अरुण, डॉ. प्रेम कुमार गुप्ता, बल्ली यादव, निर्भय अंबेडकर और युवा राजद के गणेश यादव उपस्थित थे.
I am a blogger and social media influencer. I am engaging to write unbiased real content across topics like politics, technology, and culture. My main motto is to provide thought-provoking news, current affairs, science, technology, and political events from around the world.



















