पटना में बढ़ते अपराध पर सियासत तेज, राजद ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

| BY

Ajit Kumar

बिहार
पटना में हत्या और चेन स्नैचिंग से बढ़ी दहशत, राजद ने बिहार सरकार पर उठाए सवाल

सरकार का इकबाल समाप्त हो गया : एजाज अहमद

तीसरा पक्ष ब्यूरो पटना, 15 मई 2026: बिहार की राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाया हैं. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पटना में हत्या और लूट की घटनाओं में तेजी आई है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है.

मसाला व्यापारी की हत्या से दहशत

राजद प्रवक्ता ने कहा है कि बीते दिन पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में ब्लैक आउट रिहर्सल के दौरान एक मसाला व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस अभी तक अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में सफल नहीं हो सकी है.

एजाज अहमद के अनुसार, राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जा रहे हैं.

कंकड़बाग में चेन स्नैचिंग की घटना

राजद नेता ने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पटना के पॉश इलाके कंकड़बाग में भी लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि राजद विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार के साथ दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना हुई. बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और कुछ ही सेकेंड में फरार हो गया.

इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगा हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी के व्यस्त इलाकों में भी अपराधियों का भय बढ़ता जा रहा है.

सरकार का इकबाल समाप्त हो गया : एजाज अहमद

एजाज अहमद ने कहा है कि बिहार में सरकार का इकबाल खत्म होता दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक, अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बजाय प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही दिखाई जा रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी स्थिति बन गई है जहां अपराधी मस्त हैं, शासन-प्रशासन पस्त है और सत्ता में बैठे लोग व्यस्त हैं. राजद प्रवक्ता ने कहा कि अपराधी जब और जहां चाहें, वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल जाता हैं, जबकि प्रशासन सिर्फ औपचारिक कार्रवाई करता नजर आता है.

ये भी पढ़े :NEET पेपर लीक पर फिर गरमाई राजनीति, Atash ने मोदी सरकार से पूछे बड़े सवाल
ये भी पढ़े :कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी पर मायावती का सवाल

विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को बनाया बड़ा मुद्दा

पटना में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर विपक्ष अब सरकार को घेरने में जुट गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी दिनों में बिहार की कानून-व्यवस्था का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन सकता है.

राजधानी पटना समेत कई जिलों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन इन मामलों में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम कर पाते हैं या नहीं.

Trending news

Leave a Comment